हैदराबाद स्थित ARCI में, हम उन्नत सामग्री अनुसंधान को कार्यान्वयन योग्य प्रौद्योगिकियों में परिवर्तित करते हैं, जो भारत की औद्योगिक प्रतिस्पर्धात्मकता और रणनीतिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देती हैं। पिछले तीन दशकों से हमारा उद्देश्य नवीन, तकनीकी एवं व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य समाधान विकसित करना और उन्हें प्रभावी ढंग से उद्योगों तथा रणनीतिक क्षेत्रों तक पहुँचाना रहा है।
ARCI उन्नत प्रौद्योगिकी विकास और हस्तांतरण के माध्यम से उच्च-प्रदर्शन सामग्री बाजारों की आवश्यकताओं को पूरा करता है। इसके प्रमुख क्षेत्र हैं: उन्नत सामग्री एवं बैटरियाँ, सिरेमिक, सतह अभियांत्रिकी, लेज़र प्रसंस्करण, सौर एवं हाइड्रोजन ऊर्जा सामग्री, उन्नत पाउडर धातुकर्म तथा दुर्लभ मृदा सामग्री एवं चुंबक। हमारे कार्य को सामग्री विकास और प्रसंस्करण प्रौद्योगिकियों के लिए उत्कृष्ट बुनियादी ढाँचे तथा उन्नत लक्षण-निर्धारण सुविधाओं का सहयोग प्राप्त है।
ARCI की विशिष्टता उसके कार्यान्वयन में निहित है — प्रयोगशाला में हुई सफलताओं को पायलट स्तर पर सत्यापन, प्रदर्शन और व्यावसायीकरण तक पहुँचाने में। हमने 350 से अधिक तकनीकी समाधान विकसित किए हैं, 200 से अधिक पेटेंट दायर किए हैं और 50 प्रौद्योगिकी / तकनीकी ज्ञान हस्तांतरण सफलतापूर्वक किए हैं। ये उपलब्धियाँ रक्षा, अंतरिक्ष, स्वच्छ ऊर्जा, विद्युत गतिशीलता, परमाणु ऊर्जा, एयरोस्पेस, हाइड्रोजन और उन्नत विनिर्माण जैसे राष्ट्रीय अभियानों को समर्थन प्रदान करती हैं।
हमारे अत्यधिक प्रेरित वैज्ञानिक और तकनीकी कर्मचारी नवाचार, उद्यमिता और मापनीय प्रभाव को निरंतर बढ़ावा देते हैं। पीएचडी कार्यक्रमों, उद्योग-संबद्ध प्रशिक्षण तथा उन्नत सामग्री प्रौद्योगिकी इनक्यूबेटर (AMTI) के माध्यम से हम मानव संसाधन विकास, वैज्ञानिक-उद्यमियों, स्टार्टअप, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) तथा भविष्य के लिए तैयार सामग्री पारिस्थितिकी तंत्र को प्रोत्साहित करते हैं।
जैसे-जैसे भारत विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, उन्नत सामग्री स्वच्छ ऊर्जा प्रणालियों, सुदृढ़ बुनियादी ढाँचे, रणनीतिक प्रौद्योगिकियों, अगली पीढ़ी के विनिर्माण और सामाजिक आवश्यकताओं का आधार बनेंगी। ARCI उच्च प्रौद्योगिकी तत्परता स्तर (TRL) वाली और बड़े पैमाने पर लागू की जा सकने वाली नवाचारपूर्ण तकनीकों को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जो भारत की महत्वपूर्ण सामग्री क्षमताओं को सुदृढ़ करें और देश को आत्मनिर्भर तथा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी राष्ट्र बनाने में योगदान दें।
जय अनुसंधान! जय हिंद!